चौथा टी20 क्रिकेट: भारत ने जिम्बाब्वे को हरा कर श्रृंखला में अजेय बढ़त बनाई, जायसवाल और गिल ने निभाई 156 रन की साझेदारी

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (नाबाद 93) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 58) की अद्भुत बल्लेबाजी की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे को दस विकेट से हरा दिया। साथ ही भारत ने इस जीत के साथ श्रृंखला में 3-1 से अजेय बढ़त हासिल की। भारत ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला करते हुए गेंदबाज शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा के शानदार प्रदर्शन से जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 152 रन पर रोक दिया। फिर जायसवाल और गिल की मदद से उछाल भरी पिच पर यह लक्ष्य महज 15.2 ओवर में 156 रन बनाकर हासिल कर लिया। टी20 विश्व कप में जायसवाल को खेलने का मौका नहीं मिला था, उन्होंने 53 गेंद की नाबाद पारी में विकेट के चारों ओर शाट लगाए। गिल ने संयम से खेलते हुए जायसवाल को ताबड़तोड़ रन जुटाने दिए तथा 39 गेंद की नाबाद पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के जमाए। जायसवाल का जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा पर बैक-ड्राइव शाट दर्शनीय था और रिचर्ड नगारवा की गेंद पर छक्का भी उतना ही आकर्षक था। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों की खामियों का पूरा फायदा उठाते हुए जायसवाल ने नौ चौकों से अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि तब शुभमन 15 रन पर ही थे। जिम्बाब्वे के कप्तान रजा के पास इन दोनों के चौकों छक्कों को रोकने का कोई विकल्प नहीं था। बस सवाल था कि जायसवाल अपना शतक पूरा कर पाएंगे या नहीं। या फिर गिल अपना अर्धशतक बनाएंगे। गिल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे जायसवाल के पास शतक पूरा करने के लिए रन नहीं बचे। लेकिन उन्होंने शानदार पुल-शाट के साथ मैच खत्म किया। इससे पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 28 गेंद में 46 रन की पारी खेली। लेकिन भारत के पांचवें गेंदबाज अभिषेक (तीन ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) और छठे विकल्प दुबे (दो ओवर में 11 रन देकर एक विकेट) ने अच्छे गेंदबाजी प्रयास से जिम्बाब्वे को दबाव में रखा। इन्होंने खतरनाक दिख रही वेस्ले माधेवेरे (24 गेंद में 25 रन) और टाडीवानाशे मारूमनी (31 गेंद में 32 रन) की सलामी जोड़ी को आउट करके मध्य ओवरों में लगाम कसी। कप्तान रजा ने अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके लगाकर जिम्बाब्वे को 150 से अधिक रन के स्कोर तक पहुंचाया। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को छोड़कर सभी भारतीय गेंदबाजों को विकेट मिले। पदार्पण करने वाले मध्यम गति के गेंदबाज तुषार देशपांडे (तीन ओवर में 30 रन देकर एक विकेट) का पहला स्पैल काफी अधिक फुल लेंथ वाली गेंद या बहुत शार्ट गेंद लेंथ वाला रहा। दोनों सलामी बल्लेबाज माधेवेरे और मारूमनी आसानी से बाउंड्री बनाने में सफल रहे पर देशपांडे के लिए अच्छा रहा कि वह रजा का विकेट लेने में सफल रहे। पहले तीन मैच में जिम्बाब्वे के लिए पहले विकेट की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी नौ रन की थी लेकिन माधेवेर और मारूमनी ने 63 रन की साझेदारी निभायी, हालांकि यह इतनी तेज नहीं थी।

भारत ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। जिम्बाब्वे ने सात विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.2 ओवर में 156 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। जायसवाल ने 53 गेंद पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 93 रन बनाए। शुभमन गिल ने 39 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 58 रन बनाए।