Hindi Patrika

श्रीलंका की नौसेना ने 8 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

Published on June 25, 2024 by Vivek Kumar

श्रीलंकाई नौसेना ने अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 8 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली उनकी तीन नौकाओं को जब्त कर लिया है। मीडिया की एक रपट में रविवार को यह जानकारी दी गई। समाचार पोर्टल की एक रपट के अनुसार मछुआरों को शनिवार रात चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान डेल्फ्ट द्वीप के पास उत्तरी सागर से गिरफ्तार किया गया। श्रीलंका की नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन गायन विक्रमसूर्या ने कहा कि गिरफ्तार मछुआरों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए कांकेसंतुरई बंदरगाह ले जाया जाएगा। पिछले सप्ताह, चार भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और श्रीलंकाई नौसेना ने द्वीपीय देश के जलक्षेत्र में अवैध शिकार करने के आरोप में उनके ट्रालर (मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली नौका) को जब्त कर लिया था। श्रीलंकाई अधिकारियों ने बताया कि ताजा घटना से पहले 2024 में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 80 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और उनके 25 ट्रालर जब्त किए गए थे। इनमें से अधिकतर घटनाएं पाक जलडमरूमध्य में होती हैं, जो तमिलनाडु को श्रीलंका के उत्तरी सिरे से अलग करने वाली एक संकरी जलपट्टी है। यह दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक बेहतर स्थान है।

Categories: विशेष समाचार