देश का निर्यात सितंबर में बढ़ोतरी के साथ 34.58 अरब डालर पर
Published on October 17, 2024 by Vivek Kumar
देश के वस्तु निर्यात में दो महीने की गिरावट के बाद सितंबर में मामूली बढ़त दर्ज की गई है। सिंतबर में निर्यात 0.5 फीसद की बढ़त के साथ 34.58 अरब डालर पर पहुंच गया। वहीं व्यापार घाटा कम होकर 20.78 अरब डालर रह गया।
बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में आयात 1.6 फीसद बढ़कर 55.36 अरब डालर हो गया, जो सितंबर, 2023 में 54.49 अरब डालर था। समीक्षाधीन महीने में व्यापार घाटा (आयात तथा निर्यात के बीच का अंतर) 20.8 अरब अमेरिकी डालर रहा। अगस्त में यह 10 महीने के उच्चतम स्तर 29.65 अरब अमेरिकी डालर पर पहुंच गया था। भारत के वस्तु निर्यात में अगस्त माह में सालाना आधार पर 9.3 फीसद और जुलाई में 1.2 फीसद की गिरावट आई थी। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में निर्यात एक फीसद बढ़कर 213.22 अरब डालर हो गया, जबकि आयात 6.16 फीसद बढ़कर 350.66 अरब डालर रहा। वित्त वर्ष की पहली छमाही में व्यापार घाटा 137.44 अरब डालर रहा। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद सितंबर और इस वित्त वर्ष के पहले छह महीने में निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
Categories: राष्ट्रीय समाचार